चाईबासा: जिला उपायुक्त ने वर्चुअल माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ बैठक कर 28 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित “गृह प्रवेश दिवस” कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में कहा गया कि गृह प्रवेश के लिए चयनित सभी आवास पूरी तरह तैयार रहें। इसमें रंग-रोगन, खिड़की-दरवाजे और लाइटिंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रत्येक आवास पर गृह प्रवेश से संबंधित बैनर लगाने और हल्की सजावट करने को भी कहा गया।
पूजा सामग्री जैसे नारियल, लड्डू और अगरबत्ती की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लाभुकों को कुकर, चाभी, कट-आउट और ताला-चाभी उपलब्ध कराने तथा घर के बाहर पौधारोपण कराने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि “गृह प्रवेश दिवस” कार्यक्रम प्रत्येक माह आयोजित किया जाएगा और हर बार कम से कम 200 आवासों का गृह प्रवेश कराया जाएगा।
इसके अलावा अन्य महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए गए, जिनमें मनरेगा के तहत परिसंपत्तियों का वितरण, आंगनबाड़ी केंद्रों की समीक्षा, 28 जून तक सभी पंचायत भवनों का रंग-रोगन पूरा करना, रक्तदान को बढ़ावा देना और स्कूलों में ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान कर उन्हें दोबारा शिक्षा से जोड़ने के लिए नियमित निरीक्षण शामिल है।

