Breaking
Mon. Apr 20th, 2026

महिला आरक्षण पर झामुमो का केंद्र पर हमला, कहा नीयत साफ नहीं, 2023 में पास बिल अब तक लागू क्यों नहीं?

जमशेदपुर: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए उसकी मंशा पर सवाल उठाए हैं। सोमवार को जमशेदपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि महिला आरक्षण को लेकर केंद्र की नीयत साफ नहीं है और इस विषय का राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में महिला आरक्षण विधेयक संसद से पारित हो चुका है, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार इस कानून का नोटिफिकेशन जारी करने में देरी क्यों कर रही है। षाड़ंगी ने कहा कि यदि केंद्र सरकार वास्तव में महिलाओं को सशक्त बनाना चाहती है, तो उसे बिना देरी के इस कानून को लागू करना चाहिए।

झामुमो प्रवक्ता ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि महिला आरक्षण के नाम पर केवल “राजनीतिक खेल” खेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाल के विधायी विमर्श में परिसीमन और अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई, लेकिन महिलाओं के आरक्षण को लेकर स्पष्ट प्रावधान सामने नहीं आया।

उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि महिला आरक्षण कानून को जल्द लागू किया जाए, ताकि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने इसे देश की आधी आबादी के अधिकार और सम्मान से जुड़ा अहम मुद्दा बताया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान झामुमो नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो इस मुद्दे पर व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब जागरूक हैं और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने को तैयार हैं।

Related Post