चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने जिले में शिक्षा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से “प्रोजेक्ट परख-तैयारी उड़ान की” का औपचारिक शुभारंभ किया। इस पहल के तहत जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में हर माह 20 तारीख को “तिथि भोज सह जन्मोत्सव” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
शुभारंभ के मौके पर उपायुक्त ने स्कॉट बालिका उच्च विद्यालय और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, चाईबासा में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान अप्रैल माह में जन्मी छात्राओं के साथ केक काटकर सामूहिक जन्मोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में छात्राओं में उत्साह का माहौल देखा गया।
उपायुक्त मनीष कुमार ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण है, जो बौद्धिक, सामाजिक और आर्थिक विकास का आधार बनती है। उन्होंने कहा कि आज जो पदाधिकारी बच्चों के सामने मौजूद हैं, वे भी शिक्षा के कारण ही इस मुकाम तक पहुंचे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट परख के तहत सबसे पहले विद्यालयों के प्रति बच्चों का रुझान बढ़ाने पर ध्यान दिया जाएगा। इसके बाद “बोलना तो होगा” जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के व्यक्तित्व और अभिव्यक्ति क्षमता को विकसित किया जाएगा। साथ ही नियमित जांच परीक्षा के जरिए बच्चों के मन से परीक्षा का डर दूर करने और उनके सीखने के स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि शिक्षकों और छात्रों के संयुक्त प्रयास से जिले में शिक्षा की स्थिति को और बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे नियमित पढ़ाई करें, पाठ्यक्रम पूरा करें और अच्छे अंक प्राप्त करने का लक्ष्य रखें। प्रेरक कहानियों के माध्यम से भी बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
इस अवसर पर पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी, गोपनीय प्रभारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक, बाल सांसद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

