Breaking
Mon. Apr 20th, 2026

संविधान संशोधन विधेयक गिरना लोकतंत्र की जीत, महिला आरक्षण तुरंत लागू करे सरकार: कांग्रेस

जमशेदपुर। झारखंड प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी द्वारा सोमवार को बिष्टूपुर स्थित तिलक पुस्तकालय परिसर में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने की, जबकि मंच पर मानगो की मेयर श्रीमती सुधा गुप्ता समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सुधा गुप्ता ने कहा कि लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक का गिरना लोकतंत्र और संविधान की बड़ी जीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महिला आरक्षण के नाम पर 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन लागू कर राजनीतिक लाभ लेना चाहती थी। विपक्ष की एकजुटता ने इस मंशा को विफल कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला हितैषी होने का दावा करती है, लेकिन उसकी नीतियों और फैसलों से उसकी वास्तविक सोच उजागर हो चुकी है।

सुधा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार ने विपक्ष को दबाव में लाने की कोशिश की, लेकिन विपक्ष ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करते हुए एकजुटता दिखाई। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की रणनीति थी कि या तो बिल पारित हो जाए और परिसीमन के जरिए लाभ मिले, या फिर विपक्ष को महिला विरोधी करार दिया जाए, लेकिन दोनों ही प्रयास असफल रहे।

जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने विधानसभा चुनावों के बीच अचानक संसद का विशेष सत्र बुलाकर विधेयक को जल्दबाजी में पेश किया, ताकि विपक्ष को चर्चा का पर्याप्त समय न मिल सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर पूरा विपक्ष एकमत है और यदि सरकार गंभीर है तो 2023 में सर्वसम्मति से पारित विधेयक को तुरंत प्रभाव से लागू करे।

परविंदर सिंह ने कहा कि लोकसभा की 543 सीटों में से 33 प्रतिशत महिलाओं को आरक्षण देने के लिए कांग्रेस और पूरा विपक्ष प्रतिबद्ध है। साथ ही उन्होंने ओबीसी महिलाओं को उनकी आबादी के अनुपात में आरक्षण देने की भी मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि देश ने देख लिया है कि जब विपक्ष एकजुट होता है तो सरकार को पीछे हटना पड़ता है।

उन्होंने भाजपा के महिला सशक्तिकरण के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्नाव, हाथरस, महिला खिलाड़ियों के आंदोलन और मणिपुर की घटनाएं सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने महिलाओं के मुद्दों पर गंभीरता नहीं दिखाई है।

इस अवसर पर कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी राजीव मिश्रा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Post