Breaking
Mon. Apr 20th, 2026

चाईबासा में भटके तीन बच्चे चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंपे गए

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में रविवार देर रात ग्रामीण क्षेत्र से भटके तीन बच्चे शहर पहुंच गए। बच्चे डरे और परेशान हालत में बीएसएनएल ऑफिस के पास सड़क किनारे बैठे रो रहे थे।

उसी दौरान वहां से गुजर रहे कांग्रेस के जिला प्रवक्ता और सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय की नजर बच्चों पर पड़ी।

उन्होंने बच्चों के पास जाकर उनका नाम, घर और परिजनों के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन बच्चे कुछ भी स्पष्ट नहीं बता पा रहे थे।

स्थिति को देखते हुए त्रिशानु राय ने मानवीय संवेदनाओं के आधार पर बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन से संपर्क किया। उन्होंने इस संबंध में चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक कन्हैया पांडेय को सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों बच्चों को रेस्क्यू किया और उन्हें बालकुंज, चाईबासा ले जाया गया। वहां बच्चों को सुरक्षित रखा गया है और उनकी देखभाल की जा रही है।

फिलहाल बच्चों के घर और परिजनों का पता लगाने का प्रयास जारी है। अधिकारियों के अनुसार, बच्चों की पहचान और परिजनों की जानकारी मिलने के बाद आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद भौतिक सत्यापन कर बच्चों को सुरक्षित रूप से उनके परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।

इस दौरान बालकुंज के कर्मी प्रमोद मिश्रा भी मौजूद थे और उन्होंने बच्चों की देखभाल में सहयोग किया।

प्रशासन और चाइल्ड हेल्पलाइन की ओर से कहा गया है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और हर संभव प्रयास कर उन्हें जल्द से जल्द उनके परिवार से मिलाने की कोशिश की जा रही है।

Related Post