Breaking
Mon. Apr 20th, 2026

भीषण गर्मी को देखते हुए झारखंड में स्कूलों के समय में बदलाव, 21 अप्रैल से लागू होगा नया आदेश

रांची। झारखंड में लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव जैसे हालात को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने सभी स्कूलों के समय में बदलाव का बड़ा फैसला लिया है। विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार राज्य के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) और निजी विद्यालयों में कक्षाओं के संचालन का समय तत्काल प्रभाव से परिवर्तित कर दिया गया है।

नए आदेश के तहत कक्षा केजी से लेकर कक्षा 8 तक की पढ़ाई सुबह 7:00 बजे से पूर्वाह्न 11:30 बजे तक कराई जाएगी। वहीं कक्षा 9 से लेकर कक्षा 12 तक के छात्रों के लिए स्कूल का समय सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। यह निर्णय बच्चों को तेज गर्मी और लू के प्रभाव से बचाने के उद्देश्य से लिया गया है, ताकि दोपहर के अधिक तापमान के समय छात्रों को स्कूल में न रहना पड़े।

इसके अलावा सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों को विद्यालय समय के बाद भी दोपहर 1:00 बजे तक उपस्थित रहना होगा। इस दौरान वे गैर-शैक्षणिक कार्यों जैसे प्रशासनिक काम, अभिलेख संधारण, योजना क्रियान्वयन और अन्य विभागीय जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।

यह आदेश 21 अप्रैल 2026 से पूरे राज्य में प्रभावी होगा और अगले आदेश तक लागू रहेगा। विभागीय सचिव के अनुमोदन के बाद संयुक्त सचिव मोईनउद्दीन खान द्वारा यह निर्देश जारी किया गया है। आदेश की प्रति सभी संबंधित अधिकारियों, जैसे उपायुक्त, शिक्षा विभाग के निदेशक, जिला शिक्षा पदाधिकारी और अन्य संबंधित विभागों को भेज दी गई है, ताकि इसका सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके।

Related Post