जमशेदपुर। बिजली दरों में हालिया बढ़ोतरी को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। शुक्रवार को कदमा स्थित बिजली विभाग के जीएम कार्यालय का भाजपा कार्यकर्ताओं ने घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सरकार से तत्काल बढ़ी हुई दरें वापस लेने की मांग की। नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और व्यापक व उग्र बनाया जाएगा।
भाजपा ने 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति, खराब ट्रांसफार्मरों के शीघ्र प्रतिस्थापन और बार-बार हो रही बिजली कटौती पर रोक लगाने की मांग भी उठाई। साथ ही स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं से कथित अतिरिक्त वसूली बंद करने की बात कही गई।
जिला भाजपा उपाध्यक्ष बबुआ सिंह ने कहा कि बढ़ी दरों से आम जनता, व्यापारी और किसान सभी प्रभावित हैं। घरेलू बजट पर दबाव बढ़ा है और कृषि कार्य महंगे हो गए हैं, जिससे जनाक्रोश लगातार बढ़ रहा है।

