चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के जराईकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत रवगंदा गांव में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बच्ची की जान चली गई। नहाने के दौरान चेकडैम में डूबने से उसकी मौत हो गई। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीणों ने पानी में बच्ची का शव उतराता देखा, तब पूरे गांव में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते मातम का माहौल छा गया।
मृत बच्ची की पहचान सोमरा मिंज की पुत्री रुपनी मिंज के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रुपनी गुरुवार शाम करीब 5 बजे गांव के पास स्थित चेकडैम में नहाने के लिए गई थी। वह अक्सर वहां अन्य बच्चों के साथ नहाने जाया करती थी, लेकिन इस बार वह वापस घर नहीं लौटी।
शाम ढलने तक जब रुपनी घर नहीं पहुंची तो परिवार वालों की चिंता बढ़ने लगी। परिजनों ने पहले आसपास के इलाकों में खोजबीन की, फिर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी उसकी तलाश की, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। पूरी रात परिवार वाले बेचैनी में गुजारते रहे।
शुक्रवार सुबह गांव के कुछ लोग जब उसी चेकडैम पर नहाने पहुंचे तो उन्होंने किनारे पर बच्ची के कपड़े पड़े देखे। संदेह होने पर जब उन्होंने पानी में नजर डाली तो रुपनी का शव पानी के ऊपर तैरता दिखाई दिया। यह दृश्य देखते ही ग्रामीणों ने शोर मचाया और थोड़ी ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
घटना की सूचना तत्काल जराईकेला थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया।

