चाईबासा: झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे अंतर जिला सीनियर महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे सुपर डिवीजन मुकाबले में गत वर्ष की चैंपियन टीम राँची ने रामगढ़ को 40 रनों से पराजित कर फाईनल में अपना स्थान पक्का कर लिया। अब फाईनल में इसका मुकाबला गिरिडीह में चल रहे दूसरे ग्रुप के सुपर डिवीजन मुकाबले के विजेता से 15 अप्रैल को होगा।
चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए आज के मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राँची की टीम ने निर्धारित बीस ओवर में छः विकेट के नुकसान पर 141 रन का स्कोर खड़ा किया।
राँची की ओर से कुमारी मेघा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सात चौके एवं एक छक्का की मदद से 51 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली जबकि लगातार फार्म में चल रही ईशा केसरी ने एक बार फिर अच्छी बल्लेबाजी का परिचय देते हुए पाँच चौके एवं एक छक्का की सहायता से 47 रन बनाए।
गुरलीन कौर ने नाबाद 17 तथा कुमारी पलक ने 15 रनों का योगदान दिया। रामगढ़ की ओर से गेंदबाजी करते हुए श्रेया प्रिया ने 10 रन देकर चार विकेट हासिल किए।
जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी रामगढ़ की टीम ने भी भरपूर प्रयास किया पर पूरे बीस में सात विकेट खोकर 101 रन ही जुटा पाई और 40 रनों के अंतर से मैच गंवा बैठी। रामगढ़ की ओर से प्रगति कुमारी ने एक चौका की सहायता से 30 रन तथा श्रेया प्रिया ने चार चौके की मदद से 28 रन बनाए। अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच पाया। राँची की ओर से पल्लवी कुमारी ने 13 रन देकर दो तथा शम्पी कुमारी ने 24 रन देकर दो विकेट हासिल किए। कुमारी पलक को एक सफलता हाथ लगी।
मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में राँची की कुमारी मेघा को उसकी शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर अॉफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। पुरस्कार स्वरुप उसे पाँच हजार रुपये का नकद पुरस्कार मैच के अंपायर जमशेदपुर के हेमंत ठाकुर ने प्रदान की। इस अवसर पर मैच पर्यवेक्षक कविता रॉय, अंपायर अभिषेक एवं गुरमीत सिंह आदि उपस्थित थे।
