Breaking
Sat. Jul 25th, 2026

तारपीन तेल पीने से बच्ची की मौत

कोडरमा। जयनगर प्रखंड के रूपायडीह पंचायत अंतर्गत मधवाटांड़ निवासी दिनेश राणा की 2 वर्षीया पुत्री प्रिया कुमारी की तारपीन तेल पी लेने से मौत हो गई। बताया जाता है कि सोमवार को बच्ची घर में खेल रही थी, जबकि परिजन बाहर बैठे थे। इसी दौरान खेलते हुए बच्ची ने घर में रखी पेंट (कलर) में उपयोग होने वाले तारपीन तेल की बोतल का ढक्कन खोलकर उसे पानी समझकर पी लिया। बच्ची के चाचा सचिन कुमार राणा ने बताया कि तारपीन तेल पीने के कुछ ही देर बाद बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजन उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के पश्चात डॉक्टरों ने स्थिति को देखते हुए हजारीबाग रेफर कर दिया। लेकिन हजारीबाग ले जाने के दौरान बरही के समीप रास्ते में ही बच्ची ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतका के घर पर ग्रामीणों का तांता लगा रहा, जहां लोग परिजनों को ढांढस बंधाते नजर आए।

Related Post