Breaking
Tue. Apr 7th, 2026

प्रेमी ने शादी से किया इंकार तो प्रेमिका ने जहर खाकर दी जान

चतरा : जिले से एक ऐसी खबर आई है जो प्रेम, धोखे और दर्दनाक अंत की कहानी बयां करती है। कुंदा थाना क्षेत्र के चिलोई गांव में एक युवती ने अपने प्रेमी को मोबाइल पर वीडियो भेजकर मौत को गले लगा लिया। साल भर से चल रहे प्रेम प्रसंग में जब शादी की बात आई, तो कथित तौर पर प्रेमी के इंकार ने ललिता को इस आत्मघाती कदम की ओर धकेल दिया। परिजनों का आरोप है कि प्रेमी की बेरुखी ही उनकी बेटी की मौत की वजह बनी है। पूरा मामला कुंदा थाना क्षेत्र के चिलोई गांव का है। मृतका की पहचान कैलाश गंझू की 18 वर्षीय पुत्री ललिता कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, ललिता का पिछले एक साल से सदर थाना क्षेत्र के बर्मन्ना गांव निवासी दिनेश गंझू के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। रविवार की रात करीब 9:30 बजे ललिता ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। लेकिन दिल दहला देने वाली बात यह है कि जहर खाने के बाद उसने अपने प्रेमी दिनेश को वीडियो बनाकर भेजा, जिसमें उसने अपनी जीवनलीला समाप्त करने की बात कही थी। मृतका की मां आरती देवी ने बताया कि जब ललिता ने जहर खाकर वीडियो दिनेश को भेजा, तब दिनेश ने ललिता के बड़े भाई तुलसी गंझू को फोन कर इसकी जानकारी दी। आनन-फानन में परिजन ललिता के कमरे की ओर दौड़े, जहाँ वह अचेत अवस्था में पड़ी मिली। परिजनों ने तुरंत गांव से एक निजी वाहन बुक किया और उसे चतरा सदर अस्पताल ले जाने लगे। लेकिन जहर का असर इतना गहरा था कि अस्पताल की दहलीज तक पहुँचने से पहले ही रास्ते में ललिता की सांसें थम गईं। सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Related Post