चतरा : चतरा में एक पशु चिकित्सक की हत्या से सनसनी फैल गई है। सदर थाना क्षेत्र के तुड़ाग जंगल में शनिवार सुबह संदिग्ध अवस्था में एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया, जिसकी पहचान पशु चिकित्सक योगेंद्र यादव के रूप में हुई है। मृतक योगेंद्र यादव सदर थाना क्षेत्र के गंधरिया पंचायत के बेहरा कोचा गांव के निवासी थे और कल से लापता बताए जा रहे थे। शनिवार की अहले सुबह देवरिया पंचायत के मुखिया को सूचना मिली कि तुड़ाग जंगल में एक शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही इसकी जानकारी सदर थाना पुलिस को दी गई।
घटना की खबर मिलते ही एसडीपीओ संदीप सुमन और थाना प्रभारी अवधेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। जांच के लिए हज़ारीबाग से एफएसएल की टीम बुलाई गई है ।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

