Breaking
Wed. Mar 25th, 2026

पत्नी की पिटाई से मौत, घायल पति गिरफ्तार; जिस गांव में फोन तक नहीं करता काम, वहां देर से पहुंची पुलिस

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलडीह पंचायत के गोबरलाद गांव में घरेलू विवाद ने एक महिला की जान ले ली। बताया जाता है कि शादी समारोह से लौटते वक्त पति-पत्नी के बीच शराब के नशे में विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। इस दौरान पति ने पत्नी हीरामणि मुर्मू (43 वर्ष) की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और देर रात घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना में पति सुधीर मुर्मू भी घायल हो गया। वारदात के बाद उसने मामले को छिपाने की कोशिश की, लेकिन मंगलवार दोपहर करीब दो बजे चौकीदार के जरिए पुलिस को सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नीरज कुमार पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। वह खुद भी घायल है, इसलिए उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए पटमदा के माचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।

घटना के बाद मृतका के परिजनों और ग्रामीणों ने आपसी पंचायत के जरिए मामला सुलझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बन सकी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं पर पड़ताल कर रही है।

बताया जाता है कि गोबरलाद गांव भुईयांसिनान से भूला मोड़ जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे जंगल के बीच बसा एक आदिवासी बहुल इलाका है, जहां मोबाइल नेटवर्क की स्थिति बेहद खराब है। फोन तक ठीक से काम नहीं करता, जिसके कारण घटना की सूचना पुलिस तक काफी देर से पहुंच पाई। इस वजह से ग्रामीणों को आपात स्थिति में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

Related Post