Breaking
Tue. Mar 24th, 2026

सड़क हादसे में 50 वर्षीय निर्दोष केराई की मौत, बच्चे को बचाने के दौरान हुआ हादसा*

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों के बीच एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। ताजा मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एनएच 75ई चक्रधरपुर-चाईबासा रोड स्थित खूंटपानी गांव के पास का है, जहां एक सड़क दुर्घटना में लगभग 50 वर्षीय निर्दोष केराई की मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक निर्दोष केराई चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के दलकी गांव के निवासी थे। घटना को लेकर उनके भतीजे सुरसिंह केराई ने बताया कि उनके चाचा मंगलवार को अपने बेटे से मिलने झींकपानी थाना क्षेत्र स्थित एक आश्रम स्कूल गए थे। शाम के समय वह मोटरसाइकिल से वापस अपने घर लौट रहे थे।

इसी दौरान जब वे खूंटपानी गांव के पास पहुंचे, तभी अचानक सड़क पर एक बच्चा आ गया। बच्चे को बचाने के प्रयास में निर्दोष केराई ने अपनी मोटरसाइकिल को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ जाने के कारण वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद चाईबासा से चक्रधरपुर की ओर जा रहे कुछ राहगीरों ने उन्हें सड़क पर गिरा हुआ देखा। उन्होंने तत्काल मानवता का परिचय देते हुए उनके जेब से मोबाइल फोन निकालकर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही सुरसिंह केराई और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे।

स्थानीय लोगों और पुलिस के सहयोग से घायल निर्दोष केराई को तत्काल सदर अस्पताल चाईबासा लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है।

सुरसिंह केराई ने बताया कि निर्दोष केराई के दो बच्चे हैं और वे परिवार के मुख्य सहारा थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इधर, पुलिस ने मामले की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता भी बढ़ती जा रही है।

Related Post