चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला शतरंज संघ के तत्वावधान एवं एस आर रुंगटा ग्रुप के सहयोग से 15वीं पदमाबाई रुंगटा मेमोरियल जिला शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन 3 से 5 अप्रैल तक रुंगटा गार्डन में किया जाएगा।
तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में जिले के किसी भी आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।
प्रतियोगिता में शीर्ष चार खिलाड़ियों का चयन सीनियर राज्य शतरंज प्रतियोगिता 2026 के लिए किया जाएगा।
संघ के सचिव बसंत खंडेलवाल ने बताया कि पिछले 14 वर्षों से यह प्रतियोगिता एस आर रुंगटा ग्रुप के सहयोग से आयोजित की जा रही है और इस वर्ष भी इसे भव्य रूप दिया जाएगा।
प्रतियोगिता में कुल 21,000 रुपये का नकद पुरस्कार एवं 22 ट्रॉफियां विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों को प्रदान की जाएंगी।
प्रतियोगिता का प्रवेश शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 6000 रुपये नकद या ट्रॉफी दी जाएगी।
इसके अलावा शीर्ष 15 खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार तथा आयु वर्ग के खिलाड़ियों को ट्रॉफियां प्रदान की जाएंगी।
प्रतियोगिता में लगभग 120 खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है, जिनमें 25 से 30 अंतरराष्ट्रीय रेटेड खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं। सभी खिलाड़ी 8 चक्रों में मुकाबला करेंगे।
खिलाड़ी अपना पंजीकरण विवेक भारती, पोस्ट ऑफिस चौक, सदर बाजार चाईबासा में करवा सकते हैं। प्रवेश की अंतिम तिथि 1 अप्रैल निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता के संयोजक सुब्रत चंद्र त्रिपाठी हैं।

