Breaking
Tue. Mar 24th, 2026

टीएमएच गेट पर हेलमेट को लेकर विवाद में मरीज के परिजन से सुरक्षा कर्मियों ने की मारपीट

जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) के मुख्य गेट पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सुरक्षाकर्मियों और एक मरीज के परिजन के बीच मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ लिया और लोगों में आक्रोश फैल गया।

जानकारी के अनुसार, धातकीडीह निवासी एक युवक अपने अस्पताल में भर्ती पिता को डिस्चार्ज कराने के लिए टीएमएच पहुंचा था। इसी दौरान मुख्य गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उसे हेलमेट पहनने को लेकर टोक दिया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि सुरक्षाकर्मियों ने युवक के साथ हाथापाई करते हुए उसकी पिटाई कर दी।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया और सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अस्पताल के मुख्य गेट को जाम कर दिया। इस वजह से कुछ समय के लिए आवागमन भी बाधित हो गया और अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

सूचना मिलने पर बिष्टुपुर थाना प्रभारी अशोक दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया और उन्हें थाना ले जाया गया। साथ ही टाटा स्टील के सुरक्षा प्रभारी सुनील झा को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया।

थाने में दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर समझौता करा दिया गया। फिलहाल पुलिस ने मामले में आवश्यक पूछताछ के बाद इसे समाप्त कर दिया है, हालांकि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Related Post