Breaking
Tue. Mar 24th, 2026

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, सड़क हादसे में मजदूर सोना पिंगुवा की मौत

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित मंझारी थाना क्षेत्र के भरभरिया गांव टोला छोटा रूंजू गांव में सड़क हादसे में भरभरिया के बाईसाईं निवासी 47 वर्षीय मजदूर सोना पिंगुवा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।

जानकारी के अनुसार, गांव में शादी समारोह की तैयारियां चल रही थीं। इसी क्रम में सोना पिंगुवा अन्य ग्रामीणों के साथ ट्रैक्टर से जंगल जामुन के पत्ते लाने गया था। मृतक की भगनी पीकॉक उर्फ पिंकी बिरुवा ने पोस्टमार्टम हाउस के पास बताया कि सोना पिंगुवा ट्रैक्टर चालक के बगल में बैठा हुआ था।

वापसी के दौरान छोटा रूंजू गांव के मोड़ पर रास्ता खराब होने के कारण ट्रैक्टर उछलने लगा। इसी दौरान सोना पिंगुवा संतुलन खो बैठा और सड़क पर गिर गया। गिरते ही वह ट्रैक्टर की ट्रॉली के पिछले चक्के की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना के बाद शादी का माहौल अचानक मातम में बदल गया। जहां कुछ देर पहले खुशियों का माहौल था, वहां चीख-पुकार मच गई। मृतक अपने पीछे पत्नी और बच्चों को छोड़ गया है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलने पर मंझारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Post