Breaking
Tue. Mar 24th, 2026

रामनवमी को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव, कई मार्गों पर वाहनों के परिचालन पर रहेगा प्रतिबंध

जमशेदपुर। शहर में रामनवमी के अवसर पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़, जुलूसों और अखाड़ों के आयोजन को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है, जो 27 मार्च से लागू होकर 29 मार्च की सुबह 6 बजे तक प्रभावी रहेगा।

मंगलवार को प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार 27 मार्च को सुबह 6 बजे से 11:30 बजे तक तथा दोपहर 1 बजे से रात 11 बजे तक बसों को छोड़कर सभी प्रकार के भारी वाहनों के शहर में प्रवेश और परिचालन पर पूर्ण रूप से रोक रहेगी। इसके अलावा 28 मार्च को दोपहर 1 बजे से लेकर 29 मार्च की सुबह 6 बजे तक सभी प्रकार के मालवाहक वाहन, बसें, चार पहिया और भारी वाहनों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है।

रामनवमी के मुख्य दिन 28 मार्च को विशेष सतर्कता बरती जाएगी। इस दिन दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक शहर के प्रमुख और संवेदनशील मार्गों पर तीन पहिया वाहनों का भी परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। जिन क्षेत्रों में यह प्रतिबंध लागू रहेगा उनमें गोलमुरी चौक, आरडी टाटा गोलचक्कर, सागर होटल चौक, नौ नंबर टैक्सी स्टैंड, बसंत टॉकीज, मिनी बस स्टैंड, साकची गोलचक्कर, बंगाल क्लब, किताब लाइन, पुराना कोर्ट मोड़ तथा स्वर्णरेखा घाट जाने वाले मार्ग शामिल हैं।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आपातकालीन सेवाओं जैसे एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी जाएगी, लेकिन उन्हें भी निर्धारित मार्गों का पालन करना होगा। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी।

यह ट्रैफिक प्लान पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) कार्यालय से उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और ट्रैफिक डीएसपी के संयुक्त निर्देश पर जारी किया गया है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें ताकि पर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

Related Post