चाईबासा: जिले में व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कमी को लेकर चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने गंभीर चिंता जताई है। इस संबंध में मंगलवार को पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर समस्या के त्वरित समाधान की मांग की गई।
चेंबर के अध्यक्ष संजय चौबे ने बताया कि मध्य पूर्व में ईरान-इजराइल के बीच बढ़ते तनाव के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका असर अब स्थानीय बाजार में भी दिख रहा है। उन्होंने कहा कि होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान इस संकट से बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।
चेंबर के सचिव नीरज संदवार ने कहा कि गैस एजेंसियों द्वारा लगातार सिलेंडरों की कमी की जानकारी दी जा रही है, जिससे व्यवसायों का संचालन बाधित हो रहा है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो कई प्रतिष्ठानों के बंद होने की स्थिति बन सकती है।
मौके पर मौजूद होटल और रेस्टोरेंट संचालक हर्ष सुल्तानिया, सरवन पाड़िया, मनोज जैन तथा कैटरिंग व्यवसाय से जुड़ी निशा केडिया ने बताया कि गैस की कमी से रोजमर्रा का काम प्रभावित हो रहा है और ग्राहकों को सेवा देना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
चेंबर ने मांग की है कि गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, वितरण व्यवस्था की निगरानी हो और कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि व्यापारिक गतिविधियां सुचारू रूप से चल सकें।

