जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आगामी रामनवमी एवं चैती छठ पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी प्रशासनिक विभागों और आवश्यक सेवा प्रदाताओं के साथ विधि-व्यवस्था संधारण एवं नागरिक सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। उन्होंने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और हर व्यवस्था को समय पर दुरुस्त रखें। पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं और आपातकालीन सुविधाओं को मजबूत बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
विधि-व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस प्रशासन को संवेदनशील स्थलों की पहचान कर विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी जुलूस और शोभायात्रा मार्गों तथा विसर्जन घाटों का संयुक्त सत्यापन करने को कहा गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जुलूस मार्गों से बिजली के तार और अवरोधक सामग्री हटाने, बैरिकेडिंग करने और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
भीड़ नियंत्रण के लिए जुलूस मार्गों पर फ्लैग मार्च, ड्रोन और वीडियो कैमरों से निगरानी, स्टेज एवं माइक की व्यवस्था और पर्व के दिन शराबबंदी लागू करने के साथ-साथ शहर में भारी एवं व्यावसायिक वाहनों की नो-इंट्री की व्यवस्था करने को कहा गया।
आपातकालीन सेवाओं को लेकर भी प्रशासन ने विशेष तैयारी की है। विभिन्न रणनीतिक स्थानों पर चिकित्सकों की तैनाती, सरकारी व निजी एंबुलेंस की उपलब्धता, वैकल्पिक मार्गों की पहचान, अग्निशमन वाहन और क्रेन-टोचन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला नियंत्रण कक्ष को सक्रिय कर उसमें प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती करने को भी कहा गया, ताकि नागरिक समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।
अखाड़ा समितियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए साफ-सफाई, पेयजल और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर बल दिया गया। साथ ही समितियों के सहयोग से स्वयंसेवकों की तैनाती, झंडों की निर्धारित ऊंचाई का पालन और एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी अर्णव मिश्रा, घाटशिला के अनुमंडल पदाधिकारी सुनील चंद्र, एडीसी संतोष गर्ग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने विश्वास जताया कि समन्वित प्रयासों से जिले में पर्व को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाएगा।

