Breaking
Tue. Mar 24th, 2026

नामकुम स्टेशन पर आरपीएफ की कार्रवाई, अवैध शराब के साथ युवक गिरफ्तार

रांची। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) रांची द्वारा “ऑपरेशन सतर्क” के तहत चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान नामकुम रेलवे स्टेशन से अवैध शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। यह अभियान कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशन में लगातार चलाया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरपीएफ पोस्ट रांची और फ्लाइंग टीम के अधिकारी नामकुम स्टेशन पर संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर एक युवक काले और ग्रे रंग के पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध हालत में खड़ा नजर आया। शक होने पर जब उसे रोका गया और पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम अमन कुमार (20 वर्ष), निवासी बेलामेघ, थाना उजियारपुर, जिला समस्तीपुर (बिहार) बताया।

तलाशी लेने पर उसके बैग से कुल 22 बोतल अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6,900 रुपये बताई गई है। युवक के पास शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं मिले। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह नामकुम से शराब खरीदकर ट्रेन संख्या 15027 सम्बलपुर–गोरखपुर एक्सप्रेस से बिहार ले जाकर अधिक कीमत पर बेचने की योजना बना रहा था।

आरपीएफ फ्लाइंग टीम के एएसआई अनिल कुमार ने मौके पर गवाहों की उपस्थिति में शराब को जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। बाद में उसे और जब्त सामग्री को 24 मार्च 2026 को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग, रांची के सुपुर्द कर दिया गया।

इस कार्रवाई में इंस्पेक्टर शिशुपाल कुमार, एएसआई अनिल कुमार और स्टाफ संजय कुमार की अहम भूमिका रही।

Related Post