कुडू – लोहरदगा :मानवता को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना में 58 वर्षीय बिगलाल महतो, पिता स्व. दुखन महतो, पर कुछ युवकों ने बेरहमी से हमला कर दिया। यह घटना रविवार की रात बरवाटोली चौक की है, जहां असहाय बुजुर्ग पर डंडों से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। बताया जाता है कि बिगलाल महतो की दिमागी हालत कुछ ठीक नही है और वह इधर-उधर घूमकर किसी तरह अपना जीवन यापन करता है। रविवार की रात वह बरवाटोली चौक स्थित चंद्रमोहन के दुकान पहुंचा ही था कि रुद गांव के कुछ युवक, जो नशे में धुत थे, उससे उलझ पड़े। यहां क्यों आया कहते हुए गाली – गलौच शुरू की और देखते ही देखते डंडों से उसके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले के बाद लहूलुहान हालत में पड़ा बुजुर्ग पूरी रात तड़पता रहा, लेकिन मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। खून बहना बंद करने के लिए उसने अपने ही पैंट को सिर पर बांध लिया और किसी तरह रात गुजारी। सुबह होते ही वह किसी तरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुडू पहुंचा, जहां रो-रोकर उसने अपनी आपबीती सुनाई। जैसे ही डॉक्टरों ने उसके सिर से बंधा कपड़ा हटाया, खून का फव्वारा बह निकला। तत्पश्चात डॉक्टरों ने तुरंत उसका इलाज शुरू किया। यह घटना समाज की संवेदनहीनता को उजागर करती है, जहां एक घायल बुजुर्ग पूरी रात दर्द से कराहता रहा, लेकिन कोई मदद के लिए आगे नहीं आया।

