Breaking
Thu. Sep 17th, 2026

बर्मामाइंस के लकड़ी गोदाम में तड़के भीषण आग, सतर्क गार्ड से टली बड़ी दुर्घटना

जमशेदपुर । बर्मामाइंस स्थित मिल एंड गोदाम क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक लकड़ी के गोदाम में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। आग इम्तियाज़ खान के गोदाम में लगी, जहां ड्यूटी पर मौजूद गार्ड की सतर्कता ने संभावित बड़ी दुर्घटना को टाल दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, गार्ड ने सबसे पहले गोदाम से उठता धुआं और आग की लपटें देखीं। स्थिति को भांपते हुए उसने तुरंत गोदाम मालिक को फोन कर इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही संबंधित लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी और उस पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था।

हालात की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन विभाग को तुरंत सूचना दी गई। कुछ ही देर में टाटा स्टील की फायर ब्रिगेड और झारखंड अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।

बताया जा रहा है कि आग मुख्य रूप से गोदाम में रखी लकड़ियों तक ही सीमित रही, जिससे वहां मौजूद मशीनरी सुरक्षित बच गई। हालांकि आग से हुए नुकसान का आकलन अभी नहीं किया जा सका है।

मौके पर मौजूद अंकित जयसवाल ने बताया कि इस गोदाम में इस तरह की घटना पहली बार हुई है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

Related Post