चाईबासा: एनएच 75E चाईबासा-हाट गम्हरिया रोड स्थित हाट गम्हरिया बेल बाजार के पास रविवार रात्रि लगभग 9:00 बजे एक सड़क दुर्घटना में 27 वर्षीय धर्मेंद्र ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र ठाकुर अपने घर से राशन लेने के लिए बाजार जा रहे थे। इसी दौरान चाईबासा से जैतगढ़ की ओर जा रही एक पिकअप वैन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
बताया जाता है कि टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप वैन उनके ऊपर चढ़ते हुए आगे बढ़ गई, जिससे उनका दाहिना पैर बुरी तरह टूट गया। इसके अलावा उनके सिर में भी गंभीर चोट आई है। दुर्घटना में उनकी मोटरसाइकिल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद आसपास के स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई। इस दौरान उनके रिश्तेदार रोशन ठाकुर और विनोद ठाकुर भी मौके पर पहुंचे और घायल धर्मेंद्र ठाकुर को तत्काल चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए टाटा रेफर कर दिया।
इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल पिकअप वैन को जप्त कर लिया है। पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने इस सड़क पर बढ़ती दुर्घटनाओं को लेकर चिंता जताई है और प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

