Breaking
Sun. Mar 22nd, 2026

मुसाबनी में 31.64 करोड़ की लागत से डिग्री कॉलेज का शिलान्यास, मंत्री दीपक बिरूआ बोले – शिक्षा से ही झारखंड बनेगा अग्रणी राज्य

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी प्रखंड में रविवार का दिन ऐतिहासिक रहा, जब पूर्व दिवंगत शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का सपना साकार होता नजर आया। मुसाबनी स्थित कंपनी सिनेमा मैदान में 11 एकड़ क्षेत्र में बनने वाले डिग्री कॉलेज की आधारशिला रखी गई। लगभग 31 करोड़ 64 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस महत्त्वाकांक्षी शिक्षण संस्थान का शिलान्यास झारखंड सरकार के भू-राजस्व एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरूआ ने विधिवत भूमि पूजन कर किया।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे मंत्री दीपक बिरूआ ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दूरदर्शी सोच और प्रतिबद्धता के कारण आज दिवंगत रामदास सोरेन का सपना धरातल पर उतर रहा है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राज्य के विकास की सबसे मजबूत आधारशिला होती है। बिना शिक्षा के समग्र विकास की कल्पना संभव नहीं है। इस डिग्री कॉलेज की स्थापना से न केवल मुसाबनी बल्कि पूरे घाटशिला क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे और यह संस्थान आने वाले समय में क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

मंत्री बिरूआ ने आगे कहा कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है और इसी कड़ी में दिवंगत रामदास सोरेन का हेंदलजुड़ी में जनजातीय विश्वविद्यालय स्थापित करने का सपना भी इसी वित्तीय वर्ष में साकार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि घाटशिला क्षेत्र को शिक्षा के एक मजबूत केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार गंभीरता से काम कर रही है।

इस मौके पर घाटशिला के विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह दिन उनके लिए भावनात्मक और ऐतिहासिक दोनों है, क्योंकि आज उनके पिता का एक बड़ा सपना पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि मुसाबनी को शिक्षा का हब बनाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि उनके द्वारा रखी गई मुसाबनी में मेडिकल कॉलेज खोलने की मांग को भी सरकार ने स्वीकृति दे दी है, जिससे आने वाले समय में घाटशिला विधानसभा क्षेत्र शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में तेजी से विकसित होगा।

कार्यक्रम में जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी, पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू, जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, दिवंगत मंत्री की धर्मपत्नी सुरजमनी सोरेन, मुखिया रीना महाली, पंचायत समिति सदस्य अनिता सागर, बंसती सोरेन सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। इस दौरान झामुमो के वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने विचार रखे और इस पहल को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

समारोह के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला और लोगों ने उम्मीद जताई कि यह डिग्री कॉलेज स्थानीय युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाएगा।

Related Post