चाईबासा: परिसदन, चाईबासा के समीप स्थित चौक में रविवार देर शाम एक सड़क दुर्घटना में गुटूसाई निवासी 32 वर्षीय प्रवीण कुमार गुप्ता घायल हो गए। वह मोटरसाइकिल से तांबो चौक की ओर अपने निजी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान बिरुवा पथ की ओर मुड़ते समय एक टोटो चालक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
दुर्घटना में प्रवीण कुमार गुप्ता के सिर और हाथ में अंदरूनी चोटें आई हैं। घटना के समय उसी मार्ग से गुजर रहे कांग्रेस जिला प्रवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय की नजर घायल अवस्था में पड़े युवक पर पड़ी।
उन्होंने तत्परता दिखाते हुए घायल को टोटो से सदर अस्पताल, चाईबासा पहुंचाया।
अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में डॉ. गजेन्द्र नायक ने प्राथमिक उपचार किया और आगे की जांच के लिए सिटी स्कैन कराने की सलाह दी। दुर्घटना में प्रवीण कुमार गुप्ता की स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
स्थानीय लोगों ने समय पर सहायता पहुंचाने के लिए त्रिशानु राय के इस मानवीय प्रयास की सराहना की है।

