Breaking
Thu. Mar 19th, 2026

रामनवमी और ईद को लेकर टेल्को थाना में शांति समिति की बैठक, सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा

जमशेदपुर। गुरुवार को टेल्को थाना परिसर में प्रशासन की ओर से शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी रामनवमी और ईद पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर व्यापक चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता दंडाधिकारी सह जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सुश्री गुंजन कुमारी ने की, जबकि थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद भी उपस्थित रहे।

इस बैठक में रामनवमी अखाड़ा समितियों, छठ घाट समितियों, मस्जिद कमेटियों और शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया। प्रशासन की ओर से त्योहारों के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई और बिजली व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश दिए गए। खासतौर पर रामनवमी जुलूस और ईद की नमाज के समय निर्बाध बिजली आपूर्ति, मार्गों की सफाई और झंडा मार्ग में पेड़ों की छंटाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही जुलूस के समयबद्ध संचालन और विसर्जन को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए।

सुश्री गुंजन कुमारी ने सभी संबंधित पक्षों से शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की और प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद ने भी सभी समितियों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा।

बैठक का संचालन केंद्रीय शांति समिति के वरिष्ठ सदस्य नंदलाल सिंह ने किया। उन्होंने अखाड़ा समितियों से समय पर लाइसेंस नवीनीकरण कराने और स्वयंसेवकों की सूची थाना को उपलब्ध कराने की अपील की।

इस दौरान बारीनगर टेल्को मस्जिद के अध्यक्ष शाहिद परवेज और वरिष्ठ कांग्रेस नेता रियाजउद्दीन खान ने ईद की तैयारियों की जानकारी साझा की। वहीं अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से पेयजल, बिजली और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग रखी। विशेष रूप से जेमको क्षेत्र में सड़क किनारे बड़े वाहनों की पार्किंग से हो रही अव्यवस्था को दूर करने का आग्रह किया गया।

बैठक में श्रीमती कल्याणी शरण, डी.डी. त्रिपाठी, ओम प्रकाश उपाध्याय, चंद्रभान सिंह, अजय सिंह, बलदेव रजक, आलम ताज सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। साथ ही टाटा मोटर्स कंपनी के प्रतिनिधियों और थाना के अन्य पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

Related Post