Breaking
Thu. Mar 19th, 2026

खड़े ट्रैक्टर से टकराई कार, एक युवक की मौके पर मौत, दो गंभीर रूप से घायल

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया-धालभूमगढ़ मुख्य सड़क पर पीडी बागान के समीप बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार संख्या जेएच 05ईई 9903 में सवार तीन युवक चाकुलिया से धालभूमगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े पुआल से लदे ट्रैक्टर (जेएच-22 एफ 1986) के पीछे कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान चाकुलिया प्रखंड के धोबासोल गांव निवासी विश्वजीत मुंडा के रूप में हुई है।

हादसे में घायल मोहित महतो और सन्नी यादव को स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मोटरसाइकिल से चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक समीर कुमार मोहंती मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं झामुमो नेता कृति सुंदर महतो और गौतम दास भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।

इधर, सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े वाहन को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Post