जमशेदपुर। मानगो के डिमना रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर मैदान से बुधवार को हिंदू नववर्ष के अवसर पर भव्य शोभायात्रा धूमधाम और श्रद्धा के साथ निकाली गई। इस दौरान पूरा शहर भगवामय नजर आया। हर ओर भगवा झंडे लहरा रहे थे और जय श्रीराम के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। शहर के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में युवा बाइक और कारों पर भगवा ध्वज लगाकर ट्रांसपोर्ट नगर मैदान पहुंचे और शोभायात्रा में शामिल हुए।
यात्रा में रामगढ़ का प्रसिद्ध डंका विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इसके साथ ही राम दरबार, भगवान शिव और अन्य देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। करीब नौ फीट ऊंची बजरंगबली की प्रतिमा ने भी श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा और लोगों ने जगह-जगह रुककर दर्शन किए।
हिंदू उत्सव समिति के नेतृत्व में आयोजित इस शोभायात्रा में शामिल होने के लिए दोपहर दो बजे से ही श्रद्धालुओं का मानगो पहुंचना शुरू हो गया था। यात्रा के स्वागत के लिए मार्ग में कई स्थानों पर भव्य तोरणद्वार बनाए गए थे, जहां लोगों ने फूल बरसाकर यात्रियों का अभिनंदन किया।
पूरी यात्रा के दौरान भक्ति का माहौल बना रहा। बड़े वाहनों पर लगे साउंड सिस्टम से भक्ति गीत बज रहे थे, वहीं बाइक सवार युवक भगवा गमछा और सिर पर पगड़ी बांधकर धार्मिक उत्साह का प्रदर्शन कर रहे थे। पारंपरिक भारतीय वेशभूषा में लगभग एक हजार महिलाओं ने शोभायात्रा का नेतृत्व किया, जो इस आयोजन की विशेष पहचान बनी।
शाम करीब चार बजे डिमना रोड से निकली यह शोभायात्रा लगभग तीन घंटे का सफर तय कर साकची स्थित आमबगान मैदान पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। समापन के बाद मैदान में मां भारती के विशाल चित्र की भव्य आरती उतारी गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा के लिए डिमना चौक से आमबगान मैदान तक कई स्थानों पर सेवा शिविर लगाए गए थे। इन शिविरों में चना-गुड़, ठंडा पानी और शर्बत का वितरण किया गया। कई स्थानों पर धार्मिक गीतों के माध्यम से माहौल को और अधिक भक्तिमय बनाया गया।
आयोजन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती रही, वहीं आयोजन समिति के स्वयंसेवक भी व्यवस्था संभालते नजर आए। इस अवसर पर पश्चिमी जमशेदपुर के विधायक सरयू राय समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग भी शोभायात्रा में शामिल हुए।

