Breaking
Wed. Mar 18th, 2026

ओवरटेक के दौरान भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने किया जाम

सरायकेला। सरायकेला थाना क्षेत्र के टाटा-सरायकेला मार्ग पर कोलाबिरा के पास बुधवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया और दोनों ट्रकों को मौके पर ही रोक लिया।

मिली जानकारी के अनुसार बाइक संख्या JH05DE-3738 पर सवार युवक सरायकेला की ओर आ रहा था। इसी दौरान कोलाबिरा के पास दो ट्रक, जिनके नंबर JH02AZ-3519 और JH05AC9403 हैं, आपस में ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक सवार को रौंदते हुए निकल गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और शव की हालत बेहद क्षत-विक्षत हो गई। स्थिति ऐसी थी कि शव को बेलचा की मदद से उठाना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक की तत्काल पहचान नहीं हो सकी, हालांकि उसके पास से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान जमशेदपुर के बिरसानगर निवासी रमण कुमार दास के रूप में की जा रही है।

इधर घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस मौके पर मौजूद रहकर लोगों को समझाने-बुझाने में जुटी है और स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Post