चाईबासा: आगामी पर्व-त्योहार को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर बुधवार, 18 मार्च 2026 को चाईबासा नगर क्षेत्र में विशेष खाद्य जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान उपायुक्त पश्चिमी सिंहभूम के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी धनेश्वर हेंब्रम के नेतृत्व में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जांच के क्रम में राजस्थान स्वीट्स, ग्रिनार मिष्ठान भंडार, अन्नपूर्णा रेस्टोरेंट, स्वीट इंडिया, सिंह होटल, सेलिब्रेशन केक शॉप, राजस्थान कैफे, अग्रवाल सेल्स और बावर्ची इन रेस्टोरेंट शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान स्वीट इंडिया से मिठाई का नमूना लिया गया, जिसे जांच के लिए भेजा जाएगा। वहीं सिंह होटल और राजस्थान कैफे को जल्द से जल्द खाद्य अनुज्ञप्ति प्राप्त करने का निर्देश दिया गया।
जांच के दौरान रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों में पनीर, हल्दी, जलेबी, बुंदिया और लड्डू जैसे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई। साथ ही खाद्य पदार्थों के रखरखाव की स्थिति और उनकी एक्सपायरी तिथि की भी जांच की गई।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी धनेश्वर हेंब्रम ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में एक्सपायर खाद्य सामग्री की खरीद-बिक्री नहीं की जाए। इसके अलावा खाद्य पदार्थों के निर्माण के दौरान एप्रोन, ग्लव्स और हेडगियर का उपयोग अनिवार्य रूप से करने को कहा गया।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी खाद्य सामग्री को स्वच्छ और सुरक्षित तरीके से रखा जाए, ताकि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

