Breaking
Wed. Mar 18th, 2026

आईसीटी चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राएं सम्मानित

चाईबासा: झारखंड ई-शिक्षा महोत्सव 2025 के तहत आईसीटी चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं और आईसीटी समन्वयकों को बुधवार को जिला स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह में सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री उत्कृष्ट कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के सभागार में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन झारखंड एजुकेशन प्रोजेक्ट काउंसिल के राज्य परियोजना निदेशक के निर्देशानुसार किया गया।

प्रतियोगिता विद्यालय, प्रखंड, जिला और राज्य स्तर पर चरणबद्ध तरीके से आयोजित की गई थी। विद्यालय स्तर की प्रतियोगिता 23 से 27 सितंबर 2025, प्रखंड स्तर 6 से 8 नवंबर 2025, जिला स्तर 18 से 19 नवंबर 2025 और राज्य स्तर 5 दिसंबर 2025 को आयोजित हुई थी।

प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रखंड स्तर पर 988 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जबकि जिला स्तर पर 157 चयनित विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इनमें से 8 विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तर के लिए किया गया।

समारोह में जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज टोप्पो, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी शिवकुमार मल्लिक, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी सुभाष हेम्ब्रम और विद्यालय के स्कूल मैनेजर ने विद्यार्थियों को मेडल, प्रमाण पत्र, स्कूल बैग और स्मार्ट वॉच देकर सम्मानित किया।

सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में लक्ष्मी जोंको, गोपीनाथ लोहर, ललिता महतो, अमन मुची, सानया लोहरा, सिद्धांत प्रसाद, खुशी कुमारी साव और नितेश कुमार शामिल हैं। वहीं आईसीटी समन्वयकों में मनीषा साव, अनु कुमारी, अफसाना प्रवीण, चाईना कुमारी, जयंती कुमारी, सतीश महतो, रूपवती हेम्ब्रम, दीपा गुप्ता, सिद्धी शर्मा और सुमित कुमार रावत को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज टोप्पो ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल शिक्षा और सूचना प्रौद्योगिकी का महत्व लगातार बढ़ रहा है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी तकनीकी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है और उनमें नवाचार व रचनात्मकता का विकास होता है। उन्होंने कहा कि यह समय नई तकनीक और एआई के साथ आगे बढ़ने का है।

कार्यक्रम में आईसीटी जिला समन्वयक, अभिभावक और संबंधित विद्यालयों के शिक्षक भी उपस्थित रहे।

Related Post