Breaking
Wed. Mar 18th, 2026

जमशेदपुर में 22 मार्च को निकलेगी भव्य अखंड तिरंगा यात्रा सह शहीद सम्मान यात्रा

जमशेदपुर: शहर में शहीदों के सम्मान में आयोजित होने वाली अखंड तिरंगा यात्रा सह शहीद सम्मान यात्रा इस वर्ष 22 मार्च 2026 (रविवार) को पूरे उत्साह और देशभक्ति के साथ निकाली जाएगी। यह यात्रा अपने 11वें वर्ष में प्रवेश कर रही है और हर साल की तरह इस बार भी इसे भव्य स्वरूप देने की तैयारी की गई है।

संस्था ‘नमन’ के संस्थापक अध्यक्ष अमरप्रीत सिंह काले ने संवाददाता सम्मेलन में जानकारी देते हुए बताया कि यह यात्रा सुबह 9 बजे एग्रीको ट्रांसपोर्ट मैदान से शुरू होकर एग्रीको गोलचक्कर, भालूबासा, साकची, वसंत सिनेमा, कालीमाटी रोड, आरडी टाटा चौक होते हुए पुलिस लाइन तक जाएगी, जहां शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद यात्रा पुनः एग्रीको मैदान में समाप्त होगी।

उन्होंने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य शहीदों के बलिदान को याद करना, राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना और समाज में प्रेम, भाईचारा एवं सौहार्द को बढ़ावा देना है। यह आयोजन पूरी तरह गैर-राजनीतिक और गैर-सांप्रदायिक है, जिसमें समाज के सभी वर्गों—युवा, मातृशक्ति, पूर्व सैनिक, बुद्धिजीवी, चिकित्सक, शिक्षाविद, व्यवसायी और विभिन्न सामाजिक-धार्मिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी रहती है।

यात्रा में इस बार मां भारती का रथ मुख्य आकर्षण रहेगा, जिसके साथ चार जीवंत झांकियां भी प्रस्तुत की जाएंगी, जिनमें स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों की झलक दिखाई जाएगी। आयोजन को सफल बनाने के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

काले ने बताया कि वर्ष 2016 में देश विरोधी नारों के विरोध स्वरूप इस यात्रा की शुरुआत की गई थी। तब से हर वर्ष 23 मार्च, शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहादत दिवस पर यह यात्रा निकाली जाती रही है। इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए तिथि बदलकर 22 मार्च की गई है।

यात्रा शुरू होने से पहले एक संक्षिप्त सभा में शहीद परिवारों एवं पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा। पूरे मार्ग में विभिन्न स्थानों पर यात्रा का स्वागत भी किया जाएगा।

इस आयोजन को भव्य बनाने के लिए शहर के कई वरिष्ठ शिक्षाविद, समाजसेवी, चिकित्सक, अधिवक्ता, खेल और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिष्ठित लोगों को शामिल करते हुए एक आयोजन समिति का गठन किया गया है।

अमरप्रीत सिंह काले ने शहरवासियों, युवाओं, मातृशक्ति, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार शामिल होकर इस ऐतिहासिक यात्रा को सफल और गरिमामय बनाएं।

Related Post