लोहरदगा: जिले के पेशरार प्रखंड अंतर्गत रोरद पंचायत के चन्दगो जोरिकरचा स्थित राजकीय उत्क्रमित विद्यालय चन्दगो में बीती रात आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि विद्यालय भवन का अल्बेस्टर (छत) पूरी तरह उड़ गया, जिससे स्कूल को गंभीर नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, अचानक बदले मौसम ने रात में विकराल रूप ले लिया और तेज हवाओं के साथ आई आंधी ने विद्यालय की छत को उखाड़कर दूर फेंक दिया। घटना के बाद विद्यालय परिसर की स्थिति बेहद दयनीय हो गई है।
विद्यालय के शिक्षक मोहन यादव ने बताया कि ईश्वर का शुक्र है कि यह घटना रात में हुई, जब स्कूल बंद था। यदि उस समय बच्चे मौजूद होते, तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। उन्होंने बताया कि विद्यालय में प्रतिदिन करीब 40 से 50 छात्र-छात्राएं पढ़ाई करते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि अल्बेस्टर से बना यह भवन पहले से ही कमजोर था, और तेज आंधी के सामने टिक नहीं सका। डिजिटल युग में भी इस तरह के अस्थायी ढांचे में बच्चों की पढ़ाई होना चिंता का विषय है। घटना के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में गहरी नाराजगी है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द विद्यालय भवन की मरम्मत या नए पक्के भवन का निर्माण कराया जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई सुरक्षित माहौल में जारी रह सके। फिलहाल, इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में शैक्षणिक आधारभूत संरचना की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

