धनबाद*: झारखंड की पहली 8 लेन सड़क एक बार फिर धंसने की घटना से सुर्खियों में आ गई है। करीब 461 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस सड़क पर बार-बार गड्ढे बनने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उद्घाटन के बाद यह आठवीं घटना है, जब लगभग 30 किलोमीटर लंबी सड़क की सर्विस लेन धंस गई।
ताजा मामला झारखंड मोड़ के पास का है, जहां सर्विस लेन के बीचों-बीच करीब तीन फीट चौड़ा और लगभग आठ फीट गहरा गड्ढा बन गया। गड्ढे के नीचे पानी जमा होने की भी जानकारी सामने आई है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कई बाइक सवार बाल-बाल बच गए।
इस सड़क का निर्माण स्टेट हाईवे अथॉरिटी ऑफ झारखंड (SAJ) की निगरानी में शिवालया और त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन कंपनियों द्वारा कराया गया था।
गौरतलब है कि गोल्ड बिल्डिंग से कतरास कंकोमठ तक लगभग 20 किलोमीटर लंबी इस सड़क का उद्घाटन 5 अक्टूबर 2024 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया था। लेकिन उद्घाटन के बाद से हर तीन-चार महीने में अलग-अलग स्थानों पर सड़क धंसने की घटनाएं सामने आती रही हैं। पिछले वर्ष एक बड़े गड्ढे के कारण इस मार्ग पर कई दिनों तक आवागमन भी बाधित रहा था।
मामले पर उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित एजेंसी को स्थायी समाधान के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि लंबी सड़क होने के कारण ऐसी समस्याएं सामने आती हैं, लेकिन इसे जल्द ही सुधारात्मक तरीके से ठीक किया जाएगा।

