चक्रधरपुर। पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड के हाथिया पंचायत अंतर्गत रामडा गांव में सोमवार को बच्चा चोरी की अफवाह के कारण ग्रामीणों ने एक वृद्ध महिला की बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को एक अज्ञात वृद्ध महिला रामडा गांव पहुंची थी। गांव में उसके आने के बाद कुछ लोगों को उस पर बच्चा चोरी करने का संदेह हुआ। देखते ही देखते यह बात पूरे गांव में फैल गई और अफवाह का रूप ले लिया। इसके बाद कई ग्रामीण इकट्ठा हो गए और महिला को घेरकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान महिला के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वह बुरी तरह जख्मी हो गई।
ग्रामीणों का आरोप था कि महिला गांव में बच्चा चोरी करने के इरादे से आई थी। हालांकि जब लोगों ने उससे पूछताछ की तो वह अपने बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकी, जिससे संदेह और बढ़ गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिला को भीड़ से सुरक्षित निकालकर पीसीआर वैन से चक्रधरपुर थाना लाया। इससे पहले पुलिस ने महिला को इलाज के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भी भेजा, जहां उसका उपचार कराया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की पहचान और उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उसे सुरक्षित उसके घर पहुंचाया जा सके। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि अफवाह के आधार पर किसी के साथ मारपीट करना कानूनन अपराध है। मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

