Breaking
Mon. Mar 9th, 2026

इटखोरी सीओ सविता सिंह का वायरल वीडियो का मामला पकड़ा तूल, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने सीओ को निलंबित करने की उठाई मांग*

चतरा: इटखोरी अंचल अधिकारी (सीओ) सविता सिंह का युवक को लाठी से मारते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ने लगा है. इस मामले को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह झारखंड विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने भी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उठाया है. बाबूलाल मरांडी ने अपने ट्विटर (एक्स) और फेसबुक पेज पर वीडियो साझा करते हुए लिखा कि चतरा जिले में पुलिस की मौजूदगी में एक महिला सीओ द्वारा युवकों के सिर पर डंडे से प्रहार करने की घटना बेहद चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है. प्रशासनिक पद पर बैठे किसी भी अधिकारी से संयम, संवेदनशीलता और कानूनसम्मत आचरण की अपेक्षा की जाती है. उन्होंने कहा कि कानून लागू कराने का दायित्व जिनके कंधों पर है, यदि वही कानून हाथ में लेने लगें तो यह व्यवस्था की मूल भावना पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है. यदि संबंधित युवकों से कोई गलती हुई भी थी, तो उसके लिए विधि सम्मत कार्रवाई के प्रावधान मौजूद हैं. बीच सड़क इस प्रकार सार्वजनिक रूप से प्रताड़ित करना न तो न्यायसंगत है और न ही प्रशासनिक मर्यादा के अनुरूप है. पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि ऐसी घटनाएं समाज में गलत संदेश देती हैं और प्रशासन की विश्वसनीयता को भी प्रभावित करती हैं. उन्होंने चतरा उपायुक्त से मांग की है कि संबंधित सीओ को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए तथा प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए. हालांकि इस पूरे मामले में जिला प्रशासन की ओर से अब तक आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. मामले को लेकर जिले में चर्चा का माहौल बना हुआ है.

Related Post