Breaking
Mon. Mar 9th, 2026

आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पर महिला दिवस पर विशेष कार्यक्रम, महिला कर्मचारियों को किया गया सम्मानित

आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर रेलवे स्टेशन परिसर में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण कुमार हुरिया अपनी पत्नी के साथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और महिलाओं की भूमिका की सराहना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआरएम तरुण कुमार हुरिया ने कहा कि चक्रधरपुर रेल मंडल में महिलाएं विभिन्न जिम्मेदार पदों पर पूरी दक्षता के साथ कार्य कर रही हैं और अपनी क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने बताया कि मंडल में करीब दो हजार महिला कर्मचारी कार्यरत हैं, जो लोको पायलट, स्टेशन मास्टर, टीटीई, आरपीएफ तथा सिग्नल मेंटेनर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी जिम्मेदारियां निभा रही हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि आदित्यपुर रेलवे स्टेशन का संचालन अब पूरी तरह महिला कर्मचारियों के हाथों में सौंपा गया है। इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक पहल माना जा रहा है, जो समाज में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है।

इस अवसर पर अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान रेल अधिकारियों और अतिथियों ने महिलाओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस मौके पर एडीआरएम अजितेंद्र त्रिपाठी, सीनियर डीसीएम आदित्य कुमार चौधरी, इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष एग्निस बॉयल, पूर्व अध्यक्ष मंजू सिंह तथा अलोका नंद बक्शी (पीडीसी 325) सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे लाने का संकल्प दोहराया।

Related Post