जमशेदपुर। भारत की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 26 फरवरी को प्रस्तावित जमशेदपुर आगमन को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। मंगलवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थलों, एयरपोर्ट तथा निर्धारित रूट का व्यापक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रशासनिक टीम ने कदमा स्थित Shri Jagannath Spiritual and Cultural Charitable Center और Manipal Tata Medical College पहुंचकर स्थल की तैयारियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की सघनता, मंच और अतिथि दीर्घा की तैयारी, आमंत्रित अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, प्रवेश और निकास मार्ग, पार्किंग स्थल, मीडिया कवरेज के लिए निर्धारित स्थान, पेयजल और विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता प्रबंधन, अग्निशमन संसाधन तथा आपातकालीन चिकित्सा सुविधा की विस्तार से जांच की गई। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद विभागीय पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी तैयारियां राष्ट्रपति प्रोटोकॉल के अनुरूप समय पर पूरी की जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए
इसके बाद उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक सोनारी एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से राष्ट्रपति के आगमन की संभावना है। वहां सुरक्षा घेरा, आगवानी स्थल, वीआईपी लाउंज और अन्य आवश्यक प्रबंधों का निरीक्षण किया गया। एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थलों तक निर्धारित रूट लाइन का भी बारीकी से अवलोकन किया गया। इस दौरान ट्रैफिक डायवर्जन, वैकल्पिक मार्ग, बैरिकेडिंग, पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की योजना की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए कारकेड रिहर्सल भी किया गया। इस अभ्यास के माध्यम से एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक संभावित वीआईपी मूवमेंट की समयबद्धता, सुरक्षा समन्वय और ट्रैफिक नियंत्रण व्यवस्था का परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए हर स्थिति के लिए तैयार रहने को कहा।
उपायुक्त ने कहा कि माननीय राष्ट्रपति का दौरा जिले के लिए गौरव का विषय है और इसे पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण बनाने के लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएंगी।

