Breaking
Wed. Feb 25th, 2026

मोदी पार्क के पास भीषण सड़क हादसा, बर्मामाइंस निवासी की मौत, एक युवक आईसीयू में भर्ती

जमशेदपुर। बिष्टुपुर में सोमवार रात करीब नौ बजे शहर के व्यस्त इलाके मोदी पार्क और कॉन्वेंट स्कूल के बीच दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में बर्मामाइंस निवासी करीब 45 वर्षीय गजेंद्र यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे बाइक सवार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को तत्काल टाटा मेन अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद गजेंद्र यादव को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक उन्हें सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं, जो जानलेवा साबित हुईं।

दूसरे युवक की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार उसे आईसीयू में रखा गया है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी हालत पर नजर बनाए हुए है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के समय एक बाइक गलत दिशा से आ रही थी, जिससे आमने-सामने टक्कर हो गई। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

मृतक गजेंद्र यादव पेशे से वैन चालक थे और अपने पीछे पत्नी व तीन बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Related Post