Breaking
Mon. Feb 23rd, 2026

नगर निकाय चुनाव में मानगो, जुगसलाई और चाकुलिया में मतदान तेज, कई केंद्रों पर लंबी कतारें  

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में सोमवार को नगर निकाय चुनाव को लेकर सुबह से ही लोकतंत्र का उत्सव देखने को मिला। शहर के मानगो में नगर निगम, जुगसलाई में नगर परिषद और चाकुलिया में नगर पंचायत के लिए मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी है। जिला प्रशासन की ओर से सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती के साथ-साथ संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है।

सुबह के शुरुआती घंटों में मतदान की रफ्तार धीमी रही। सबसे पहले चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में मतदाताओं ने उत्साह दिखाया, जहां शुरुआती चरण में ही 14 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। मानगो नगर निगम क्षेत्र में शुरुआत धीमी रही और पहले चरण में करीब 8 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में लगभग 11 प्रतिशत वोट पड़े। हालांकि समय बढ़ने के साथ तीनों क्षेत्रों में मतदान ने रफ्तार पकड़ ली।

दोपहर तक मानगो में मतदान प्रतिशत बढ़कर लगभग 19.5 प्रतिशत पहुंच गया। जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में भी मतदाताओं की सक्रियता बढ़ी और यहां 24 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। वहीं चाकुलिया नगर पंचायत में सबसे अधिक उत्साह देखने को मिला, जहां 33 प्रतिशत से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे।

जुगसलाई स्थित आरपी पटेल स्कूल मतदान केंद्र पर एक मतदाता द्वारा पुलिसकर्मी पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाए जाने से कुछ देर के लिए माहौल गरमा गया। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए लोगों को शांत कराया और मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से जारी रखा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी मतदाताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाएगा।

सुबह के समय मुस्लिम बहुल इलाकों में मतदान केंद्रों पर अपेक्षाकृत कम भीड़ देखी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि रमजान के कारण सहरी के बाद लोग विश्राम कर रहे थे, जिससे शुरुआती समय में मतदान धीमा रहा। हालांकि दोपहर बाद इन इलाकों में भी मतदाताओं की संख्या तेजी से बढ़ी और कई केंद्रों पर लंबी कतारें नजर आईं। डिमना रोड, दाईगुट्टू और गांधीनगर स्थित झंडा सिंह मध्य विद्यालय सहित कई बूथों पर महिलाओं और युवाओं की अच्छी भागीदारी देखी गई। जुगसलाई के गर्ल्स स्कूल मतदान केंद्र पर भी महिलाओं की लंबी कतारें उत्साह का संकेत दे रही थीं।

कुल मिलाकर छिटपुट घटनाओं को छोड़ दें तो मानगो, जुगसलाई और चाकुलिया तीनों नगर निकाय क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रहा है। मतदाताओं में अपने शहर के विकास के लिए प्रतिनिधि चुनने को लेकर उत्साह साफ नजर आ रहा है और प्रशासन निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने में जुटा हुआ है।

Related Post