Breaking
Sun. Apr 12th, 2026

हाता–चाईबासा मार्ग पर तड़के दर्दनाक हादसा, बेटे को स्टेशन छोड़ने जा रहे पिता की हाईवा से टक्कर में मौत

जमशेदपुर।हाता–चाईबासा मुख्य मार्ग पर सोमवार तड़के करीब चार बजे एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना में 58 वर्षीय आनंद महतो की जान चली गई। वे राजनगर प्रखंड के बोनकाटी टोला जोड़टाड़ के निवासी थे। बताया जा रहा है कि वे अपने बेटे मोहित को टाटानगर रेलवे स्टेशन छोड़ने के लिए स्कूटी से निकले थे। मोहित ऊटी में कार्यरत है और ड्यूटी पर लौटने के लिए ट्रेन पकड़ने जा रहा था।

घटना हेंसल स्थित छोटानागपुर कॉलेज के समीप रितिका ढाबा के पास हुई। रास्ते में सड़क किनारे खड़ी एक हाईवा से उनकी स्कूटी की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आनंद महतो गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। उनके साथ बैठे बेटे को भी चोटें आईं और वह सदमे में आ गया।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद आनंद महतो को मृत घोषित कर दिया। पिता की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि हादसे के बाद मोहित कुछ समय के लिए बेहोश हो गया था, हालांकि अब उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर कम रोशनी या स्कूटी का संतुलन बिगड़ने को दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Related Post