चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत पोड़ाहाट वन प्रमंडल के आनंदपुर रेंज स्थित कोलपोटका गांव में शनिवार की रात करीब डेढ़ दर्जन जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों का झुंड गांव के बाबू टोला और बीच टोला में घंटों तक डेरा डाले रहा, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना रहा।
हाथियों ने गांव निवासी धनेश्वर महतो और लोदरो मुंडा के घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के समय धनेश्वर महतो घर पर मौजूद नहीं थे, जबकि लोदरो मुंडा के परिवार के सदस्य घर के भीतर ही थे। हाथियों के हमले की आहट मिलते ही परिवार के लोग जान बचाकर घर से बाहर भागे। गनीमत रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
उत्पात के दौरान हाथियों ने धनेश्वर महतो के खेत में लगी चने की फसल को रौंद डाला और सोलर प्लेटों को भी नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों के अनुसार झुंड रात करीब आठ बजे गांव में प्रवेश किया और रविवार तड़के तक इलाके में घूमता रहा। सुबह होने से पहले सभी हाथी पास के जंगल की ओर लौट गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ओड़िशा की ओर से वन विभाग द्वारा खदेड़े जाने के बाद यह झुंड झारखंड-ओड़िशा सीमा से सटे इस गांव में पहुंचा। ग्रामीणों को आशंका है कि हाथियों का दल दोबारा गांव का रुख कर सकता है। बताया जा रहा है कि झुंड में करीब दस शावक भी शामिल हैं, जिससे उनके आक्रामक होने की संभावना बढ़ जाती है।
पोड़ाहाट वन प्रमंडल के डीएफओ नीतीश कुमार ने बताया कि वन विभाग की टीम रात में ही गांव के आसपास तैनात कर दी गई थी। विभाग हाथियों को सुरक्षित स्थान की ओर खदेड़ने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है।

