Breaking
स्वर्णरेखा किनारे पत्थरों पर उकेरी मतदान जागरूकता की अनोखी तस्वीर जमशेदपुर। मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर पूरे मानगो सहित कोल्हान और झारखंड राज्य में लोकतंत्र का पर्व मनाया जा रहा है। 23 फरवरी को होने वाले मतदान को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में शहर के वरिष्ठ चित्रकार विशेंद्र नारायण सिंह ने मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से एक अनोखी पहल की है। विशेंद्र नारायण सिंह ने इस बार अपनी कला का प्रदर्शन कागज या कैनवास पर नहीं, बल्कि स्वर्णरेखा नदी के किनारे घाटों के पत्थरों पर किया है। मानगो से साकची को जोड़ने वाले जेपी सेतु पुल से गुजरने वाले राहगीरों की नजर इन पत्थरों पर बनी पेंटिंग पर पड़ते ही मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश स्वतः मिल रहा है। नदी किनारे प्राकृतिक परिवेश में बनाई गई यह पेंटिंग लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है और लोकतांत्रिक अधिकार के प्रति सजग रहने की प्रेरणा दे रही है। अपनी कलाकृति के माध्यम से उन्होंने नगर निगम चुनाव की मतदान प्रक्रिया को सरल ढंग से समझाने का प्रयास किया है। पेंटिंग में दो अलग-अलग रंग की मतपत्र पर्चियों को दर्शाया गया है। गुलाबी पर्ची मेयर प्रत्याशी के लिए और सफेद पर्ची वार्ड पार्षद प्रत्याशी के लिए दर्शाई गई है। चित्र में यह संदेश दिया गया है कि मतदाता दोनों पर्चियों पर संबंधित प्रत्याशियों के सामने मुहर लगाकर अपने मताधिकार का सही उपयोग करें और सोच-समझकर अपने प्रतिनिधि का चयन करें। विशेंद्र नारायण सिंह ने अपनी पेंटिंग के माध्यम से एक प्रभावशाली नारा भी दिया है—“आओ मानगो को स्वच्छ बनाएं, एक वोट से मेयर चुन लाएं।” इस नारे के जरिए उन्होंने साफ-सुथरे, विकसित और जिम्मेदार शहर के निर्माण में नागरिकों की भागीदारी पर जोर दिया है। उनका कहना है कि लोकतंत्र की मजबूती मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है और हर नागरिक का एक-एक वोट शहर के भविष्य को दिशा देता है। स्थानीय लोगों ने इस रचनात्मक पहल की सराहना की है। कई राहगीरों ने पत्थरों पर बनी इस अनोखी कला को देखकर कलाकार की सोच और सामाजिक सरोकार की प्रशंसा की। चुनावी माहौल के बीच इस तरह की कलात्मक जागरूकता न केवल आकर्षण का केंद्र बनी है, बल्कि मतदान के महत्व को भी प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचा रही है। मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर प्रशासन भी मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील कर रहा है। ऐसे में विशेंद्र नारायण सिंह की यह पहल लोकतंत्र के इस महापर्व को और अधिक सार्थक बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायी प्रयास माना जा रहा है।
Mon. Feb 23rd, 2026

जामताड़ा में बेखौफ बदमाशों का तांडव: धरमपुर में युवक की गोली मारकर हत्या, अफवाह और चोरी की घटनाओं से दहशत

जामताड़ा। जिले के धरमपुर गांव में भोरे-भोर हुई एक सनसनीखेज हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया है। चौक पर नाश्ता करने पहुंचे एक युवक को अपाचे बाइक पर सवार तीन नकाबपोश अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां मार दीं। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान फुरकान अंसारी के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर था और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।

घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल परिसर और गांव में जुटी भीड़ ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था मजबूत होती तो इस तरह अपराधी खुलेआम वारदात को अंजाम देकर नहीं भाग पाते। लोगों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

इधर जिले में लगातार हो रही घटनाओं ने आमजन की चिंता और बढ़ा दी है। हाल के दिनों में अफवाहों के आधार पर भीड़ द्वारा पिटाई की घटनाएं सामने आई हैं। करमाटांड़ के मुस्लिम बस्ती क्षेत्र में ग्रामीणों ने एक युवक को बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम लाडल शेख बताया। इसी तरह हजारीबाग और रामगढ़ में भी अफवाह के कारण एक महिला समेत कई लोगों के साथ मारपीट की घटनाएं हुईं। पुलिस लगातार लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और कानून को अपने हाथ में न लें।

उधर, दिनदहाड़े चोरी की वारदात ने भी लोगों की नींद उड़ा दी है। बताया जा रहा है कि एक घर में शादी के लिए रखी नकदी और जेवरात चोर ले उड़े। घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

धरमपुर हत्याकांड के बाद पुलिस ने छापेमारी तेज कर दी है और अपराधियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है। लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं ने जामताड़ा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम लोग दहशत में हैं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।

Related Post