रांची : झारखंड की राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोकर स्थित गाड़ी गांव इलाके में गुरुवार अहले सुबह एक अज्ञात युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने जब सड़क किनारे एक व्यक्ति को लहूलुहान अवस्था में पड़ा देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक का शव सड़क से कुछ दूरी पर पड़ा था और उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। आशंका जताई जा रही है कि पत्थर से कूचकर उसकी निर्मम हत्या की गई है। घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है, जिस पर खून के धब्बे पाए गए हैं। इससे अंदेशा है कि वारदात के दौरान ही बाइक का इस्तेमाल किया गया या फिर हत्या के बाद उसे वहां छोड़ा गया।
सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। उसकी उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से खून के नमूने, पत्थर और अन्य संभावित साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के घरों और प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि घटना के समय की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
प्राथमिक जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि वारदात देर रात की हो सकती है। पुलिस आपसी रंजिश, लूटपाट या अन्य आपराधिक एंगल से मामले की जांच कर रही है। आसपास के थानों को भी अज्ञात शव की सूचना भेज दी गई है ताकि गुमशुदगी की किसी रिपोर्ट से मिलान किया जा सके।
फिलहाल इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध जानकारी को तुरंत साझा करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

