बोकारो। बालीडीह थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के समीप स्थित एक होटल में आगजनी की कोशिश से इलाके में देर रात अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पुलिस की तत्परता और तेजी से की गई कार्रवाई ने एक बड़े हादसे को टाल दिया। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना के संबंध में शिवपुरी 43 मोड़ निवासी होटल संचालक अमित कुमार यादव ने पुलिस को सूचना दी कि रेलवे स्टेशन के पास स्थित उनके होटल में 5-6 लोग जबरन घुसकर आग लगाने का प्रयास कर रहे हैं। होटल कर्मियों ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और रात्रि गश्ती दल को तत्काल मौके पर भेजा गया। तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम जब घटनास्थल पर पहुंची तो पुलिस वाहन को देखते ही आरोपी भागने लगे। घेराबंदी कर दो व्यक्तियों को मौके से दबोच लिया गया, जबकि अन्य भाग निकले। पकड़े गए आरोपियों के पास से मारपीट में प्रयुक्त एक लोहे का रॉड भी बरामद किया गया है।होटल मालिक के लिखित आवेदन के आधार पर बालीडीह थाना में कांड संख्या 44/26, दिनांक 13 फरवरी 2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम किया गया है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कुर्सीडीह, हनुमानगढ़ी निवासी अमित कुमार यादव (पिता- रामायण सिंह) तथा 20 वर्षीय अमित कुमार (पिता- स्व. संतोष सिंह), जो गोस्वामी टोला में किरायेदार के रूप में रह रहा था, शामिल हैं। छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक नित्यानंद भोक्ता, जनाथ गौतम, सहायक अवर निरीक्षक याकुब अंसारी, आरक्षी लालदेव मोची और हवलदार शोभापति मिंज शामिल थे।
रेलवे स्टेशन के पास होटल में आगजनी की साजिश नाकाम — बालीडीह पुलिस की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा हादसा, दो आरोपी गिरफ्तार

