Breaking
Sat. Feb 14th, 2026

चांडिल में विजय तिर्की हत्याकांड का खुलासा, चार शूटर गिरफ्तार

चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदरीह गांव में 24 दिसंबर 2025 को हुई विजय तिर्की की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। कांड संख्या–199/25, दिनांक 25 दिसंबर 2025 के तहत दर्ज इस मामले में विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

घटना के बाद मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच दल का गठन किया गया। टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान शाहिद खान उर्फ शहजादा (27), विवेक कुमार मन्ना उर्फ विक्की (24), राहुल राव (26) और मनीष कुमार ठाकुर उर्फ लिंगर (करीब 21) को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में संलिप्त एक अन्य आरोपी बंटी सरकार पहले ही मानगो ओपी थाना कांड संख्या–264/24 में आत्मसमर्पण कर न्यायिक अभिरक्षा में है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 103(1), 61(2), 118(2), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है। छापेमारी टीम में चांडिल थाना प्रभारी जालेंस बिरुआ, चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार, नीमडीह थाना प्रभारी संतोष तिवारी, कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, रंजीत कुमार सिंह, कमल यादव, अमित कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच अभी जारी है और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान और तेज कर दिया गया है।

Related Post