Breaking
Wed. Feb 11th, 2026

चक्का जाम से पहले यूनियन अध्यक्ष पर हमला,घेरकर लाठी-डंडे से हुई पिटाई

जमशेदपुर। बर्मामाइंस में बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब जमशेदपुर लोकल ट्रेलर ओनर यूनियन के अध्यक्ष जयकिशोर सिंह पर अज्ञात हमलावरों ने लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। घटना उस वक्त हुई जब जयकिशोर सिंह यूनियन कार्यालय के पास मौजूद थे और बुधवार को प्रस्तावित ‘चक्का जाम’ आंदोलन की तैयारियों में जुटे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक कई लोग वहां पहुंचे और जयकिशोर सिंह को घेरकर ताबड़तोड़ लाठियां बरसाने लगे। हमले का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर बेखौफ होकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। आसपास मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में जयकिशोर सिंह को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि ड्राइवरों के उचित मानदेय और कार्यशर्तों में सुधार की मांग को लेकर 11 फरवरी को ‘चक्का जाम’ का आह्वान किया गया है। इस आंदोलन का नेतृत्व स्वयं जयकिशोर सिंह कर रहे हैं। इससे पहले मंगलवार को भी उन पर हमला किया गया था, जिसमें वे घायल हुए थे। लगातार दो दिनों में हुई इस वारदात से यूनियन सदस्यों में भारी आक्रोश है।

जयकिशोर सिंह ने आरोप लगाया है कि यह हमला सुनियोजित साजिश के तहत कराया गया है। उन्होंने एक कंपनी के पदाधिकारी अजीत वर्मा तथा कुछ वेंडरों पर सीधे तौर पर हमला कराने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आंदोलन को कमजोर करने और ड्राइवरों को डराने के उद्देश्य से इस तरह की हिंसक कार्रवाई की गई है।

घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में तनाव का माहौल है। यूनियन से जुड़े लोगों ने प्रशासन से हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, इस घटना ने जिला प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। औद्योगिक क्षेत्र में दिनदहाड़े इस तरह की वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा रहा है।

समाचार लिखे जाने तक इस मामले में औपचारिक प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि नहीं हो सकी थी। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। इधर, यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Related Post