Breaking
Wed. Feb 11th, 2026

एलआरएसए संस्थापक की प्रथम पुण्यतिथि पर टाटानगर रनिंग स्टाफ का रक्तदान, 152 रेलकर्मियों ने किया योगदान

जमशेदपुर। टाटानगर ऑल इंडिया रनिंग ब्रांच के लोको पायलट कर्मचारियों ने अपने संगठन एलआरएसए के संस्थापक स्वर्गीय कामरेड एम. एन. प्रसाद की प्रथम पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। रक्तदान सह श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन रेलवे इंस्टिट्यूट में किया गया, जहां बड़ी संख्या में रनिंग स्टाफ और रेलकर्मी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय एम. एन. प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति पदक से सम्मानित सदस्य संतोष कुमार तथा सहायक मंडल विद्युत अभियंता पिनाकी विश्वास मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। संतोष कुमार ने रक्तदाताओं के इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सच्ची सेवा है और इससे जरूरतमंदों को जीवनदान मिलता है।

शिविर में रेलवे के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इलेक्ट्रिक लोको शेड, कैरिज एंड वैगन, ट्रेन लाइटिंग, ट्रैक मेंटेनर, इलेक्ट्रिक लोको पायलट प्रशिक्षण केंद्र सहित अन्य विभागों के रेलकर्मियों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। कुल 152 रेलकर्मियों ने रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

शिविर के सफल आयोजन में रेलवे इंस्टिट्यूट के निर्वाचित सदस्यों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में आर. बी. राय, शैलेश कुमार, जयप्रकाश, सुधीर कुमार और गौतम पटेल समेत अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

अंत में आर. बी. राय ने रक्तदान करने वाले सभी रेलकर्मियों, ब्रह्मानंद नारायणा रक्त संग्रह केंद्र की टीम, टाटा और सिनी रनिंग शाखा के सदस्यों, रेलवे इंस्टिट्यूट के निर्वाचित प्रतिनिधियों तथा सिविल डिफेंस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम ने न केवल संस्थापक की स्मृति को सम्मान दिया, बल्कि समाज सेवा के प्रति रेलकर्मियों की प्रतिबद्धता को भी दर्शाया।

Related Post