जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा है कि मानगो नगर निगम का चुनाव किसी सरकार की हार-जीत से नहीं, बल्कि बेहतर मानगो के निर्माण के लक्ष्य से लड़ा जाना चाहिए। बिष्टुपुर स्थित अपने आवास-कार्यालय में जनता दल (यूनाइटेड) के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ हुई बैठक में उन्होंने मानगो के विकास, सामाजिक सौहार्द और स्थानीय नेतृत्व को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
सरयू राय ने कहा कि मानगो की बसावट ऐसी है जहां एक ओर हिंदू और दूसरी ओर मुस्लिम आबादी रहती है, इसलिए चुनाव के दौरान भाईचारा और आपसी सौहार्द बना रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस चुनाव का झारखंड सरकार पर कोई असर नहीं पड़ेगा, बल्कि यह तय करेगा कि मानगो को आगे कैसे बेहतर बनाया जाए।
उन्होंने अपने पूर्व कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि मानगो में पेयजल संकट दूर करने के लिए उन्होंने परियोजना शुरू करवाई थी, लेकिन उनके यहां से हटने के बाद यह ठप पड़ गई। इंटेकवेल में बालू जमा हो गया, टंकियां बनकर रह गईं और पाइपलाइन में पानी नहीं पहुंचा। बिजली संकट को दूर करने के लिए बालीगुमा में पावरग्रिड की स्थापना कराई गई। नेशनल हाईवे के निर्माण के लिए दो साल तक आंदोलन करना पड़ा, जिसके बाद फ्लाईओवर का रास्ता भी खुला।
सरयू राय ने अफसोस जताया कि मेधा डेयरी परियोजना अब सरायकेला जा रही है, जबकि यह मानगो क्षेत्र में लगनी थी। उन्होंने कहा कि आज मानगो सड़क, पानी और बिजली के मामले में पहले से बेहतर हुआ है, लेकिन सफाई व्यवस्था अभी भी गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि मेयर पद के लिए स्थानीय महिला प्रत्याशी को प्राथमिकता दें, ताकि मानगो की समस्याओं को सही मायने में समझकर समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि एक ही व्यक्ति का विधायक, मंत्री और मेयरपति बनना स्वस्थ लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। मानगो का चुनाव दलीय नहीं, बल्कि विकास और स्थानीय हितों के आधार पर होना चाहिए।

